छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नहर छठ घाट का जिला पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
अररिया: छठ महापर्व को लेकर जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा जिला मुख्यालय स्थित नहर छठ घाट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, अररिया श्री जितेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने छठ घाट की साफ-सफाई, स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, अररिया को घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की समुचित साफ-सफाई, कचरे का शतप्रतिशत उठाव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी अररिया को छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अररिया, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अररिया सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।