गाँव में ही मिलेगी बेहतर और नि:शुल्क इलाज की सुविधा- राज्यमंत्री श्री पटेल
===
राज्य मंत्री श्री पटेल ने ग्राम पिपरौधा (सकतपुर) में किया आयुर्वेदिक अस्पताल भवन (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का लोकार्पण
====
ग्राम पिपरौधा में शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) भवन का भव्य लोकार्पण प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों को इस नई स्वास्थ्य सुविधा की बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि जी, मां सरस्वती जी के पूजन और भवन का फीता काटकर करीब 46 लाख की लागत से बनाया गए अस्पताल भवन क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया।
आरोग्य मंदिर के शुरू हो जाने से ग्राम पिपरौधा सकतपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब अपने गाँव में ही बेहतर इलाज और नि:शुल्क दवाइयों की सुविधा मिलेगी। यहाँ पूर्व से ही चिकित्सक पदस्थ हैं, जो पहले किराए या अस्थाई जगह पर क्लिनिक चला रहे थे, लेकिन अब सर्वसुविधायुक्त नए भवन में क्लिनिक और स्वास्थ्य सेवाएँ विधिवत प्रारंभ हो जाएँगी। इस आशय के विचार प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ग्राम पिपरौधा (सकतपुर) में 46 लाख की लागत से नव-निर्मित आयुर्वेदिक अस्पताल भवन (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का लोकार्पण के दौरान व्यक्त किए।
निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयों से मिलेगा बड़ा लाभ
राज्यमंत्री श्री पटेल ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध औषधियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विभिन्न प्रकार के उच्च गुणवत्ता वाले आयुर्वेदिक चूर्ण और दवाइयाँ नि:शुल्क वितरण के लिए उपलब्ध हैं। जो दवाइयाँ लोग बाजार से ₹200 से ₹300 में खरीदते हैं, वे यहाँ आम जनता को मुफ़्त प्रदान की जाएँगी। इससे स्थानीय नागरिकों व मरीजों को आर्थिक राहत के साथ-साथ सुलभ स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।
जमीन दानदाता मुन्ना दाऊ के प्रति व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने भूमिदाता मुन्ना दाऊ का विशेष रूप से स्मरण करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि गाँव में सरकारी जमीन उपलब्ध न होने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था, लेकिन श्री मुन्ना दाऊ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अस्पताल निर्माण हेतु अपनी व्यक्तिगत भूमि दान दी। मंत्री श्री पटेल ने इस जनहितैषी कार्य के लिए मुन्ना दाऊ और उनके पूरे परिवार की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।
गौरव पटेल ने कहा यह अस्पताल देश की पुरातन एवं प्राचीन आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को जीवित रखने और आमजन तक इसका लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा अस्पताल में लोगों को विभिन्न प्रकार के आसन एवं योग संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
2 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026