महाराव हम्मीर स्मृति सेवा न्यास द्वारा 10 अक्टूबर को आयोजित होगी भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2026
गंगापुरसिटी। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महाराव हम्मीर स्मृति सेवा न्यास, सवाईमाधोपुर द्वारा भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के विभाग संयोजक समय सिंह गुर्जर गंगापुर सिटी ने बताया कि यह प्रतियोगिता सवाई माधोपुर करौली दौसा तीनों जिलों में आयोजित हो रही है प्रतियोगिता हेतु उक्त जिलों में 975 परीक्षा केंद्र बनाए हैं 90000 से ज्यादा प्रतियोगी भाग लेंगे, प्रतियोगिता को सफल करने हेतु अलग-अलग समितियां बनाई है सभी जिलों में अनुभवी कार्यकर्ताओं का उपयोग किया जा रहा है प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय चेतना एवं सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनमें अध्ययन और ज्ञानार्जन की रुचि विकसित करना है।
न्यास द्वारा आयोजित यह परीक्षा 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को सवाईमाधोपुर जिले के कुल 325 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित है। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 3 अक्टूबर तक पूरी कर ली गई थी।
प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थी कनिष्ठ वर्ग तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी वरिष्ठ वर्ग में शामिल होंगे। दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें 60-60 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से होगी। प्रश्नपत्र में 80 प्रतिशत प्रश्न निर्धारित अध्ययन सामग्री तथा 20 प्रतिशत प्रश्न संबंधित विषय-वस्तु से होंगे, जो अध्ययन सामग्री के बाहर से पूछे जाएंगे। परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं होगा। समान अंक प्राप्त होने की स्थिति में कम आयु वाले परीक्षार्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। परीक्षा के लिए प्रति विद्यार्थी 30 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया था।
ब्लॉक एवं जिला स्तर पर दिए जाएंगे पुरस्कार
विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए कनिष्ठ एवं वरिष्ठ, दोनों वर्गों में अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2,100 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 1,100 रुपये प्रदान किए जाएंगे।
इसी प्रकार जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 5,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 4,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 3,100 रुपये निर्धारित किया गया है। जिला स्तर पर भी दोनों वर्गों के विजेताओं को अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त दोनों वर्गों के विद्यालय टॉपर्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में सर्वाधिक सहभागिता दर्ज कराने वाले पांच विद्यालयों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा तथा प्रत्येक सहभागी विद्यालय को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
सवाईमाधोपुर जिले में 325 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, इतिहास, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक महत्ता तथा संत शिरोमणि रविदास जी के विचारों से परिचित होने का अवसर प्रदान करेगी। न्यास का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, राष्ट्रभावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करना है।