बलरामपुर में राप्ती नदी तट से कथित सफेद भस्सा खनन पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जांच की मांग की
बलरामपुर जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत बेलवा, सुल्तानजोत, रंजीतपुर, जमालीजोत एवं राजाजोत के आसपास राप्ती नदी तट से कथित रूप से बड़े पैमाने पर सफेद भस्से के खनन और उसके परिवहन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नदी तट से ट्रैक्टर-ट्रालियों में सफेद भस्सा भरकर लगातार परिवहन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है तथा राहगीरों, छात्रों, मजदूरों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी संख्या में दौड़ रहे इन वाहनों से धूल, जाम और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या राप्ती नदी तट से किए जा रहे इस खनन के लिए संबंधित विभागों से वैध अनुमति प्राप्त है? यदि अनुमति दी गई है, तो उसके लिए क्या मानक एवं शर्तें निर्धारित की गई हैं? क्या नदी के तट से इस प्रकार खनन किया जाना नियमों के अनुरूप है?
स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर मीडिया को उपलब्ध कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमों के विपरीत खनन या परिवहन पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में खनन गतिविधियों की जांच कर आमजन को हो रही समस्याओं के समाधान की भी अपील की है।