कोटा में हिस्ट्रीशीटर संदीप सोलंकी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 5-6 बदमाशों ने घेरकर चलाई गोलियां
बाइक पर आए बदमाशों में राहुल सिंधी भी शामिल होने का आरोप, बाल-बाल बचा संदीप; चचेरे भाई के पैर को छूकर निकले छर्रे
कोटा। शहर में आपसी आपराधिक रंजिश एक बार फिर गोलीबारी तक पहुंच गई। कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हिस्ट्रीशीटर संदीप सोलंकी को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की गई। बाइक पर सवार होकर आए 5 से 6 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि हमलावरों में हिस्ट्रीशीटर राहुल सिंधी भी शामिल था। गनीमत रही कि संदीप गोली लगने से बच गया, जबकि गोली दीवार से टकराने के बाद उसके चचेरे भाई कुलदीप सिंह के पैर को छूते हुए निकल गई।
शिव मंदिर के पास अचानक बरसाईं गोलियां
घटना शनिवार शाम करीब 7:30 बजे कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में शिव मंदिर के पास हुई। जानकारी के अनुसार संदीप सोलंकी अपनी शराब की दुकान के नजदीक स्थित शिव मंदिर में पानी की टंकी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर 5-6 बदमाश वहां पहुंचे और संदीप को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दो राउंड गोलियां चलाईं। एक गोली निशाना चूक गई, जबकि दूसरी दीवार से जा टकराई। गोली के छर्रे पास खड़े संदीप के चचेरे भाई कुलदीप सिंह के दाहिने पैर को छूकर निकल गए।
शराब कारोबार की रंजिश में हमले की आशंका
फायरिंग की सूचना पर कैथूनीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
कैथूनीपोल थाने के एएसआई गिर्राज प्रसाद आर्य के मुताबिक संदीप सोलंकी और राहुल सिंधी दोनों थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। शुरुआती जांच में शराब के कारोबार को लेकर दोनों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार संदीप पर इससे पहले भी दो से तीन बार हमले हो चुके हैं।
पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला
गौरतलब है कि 2 अक्टूबर 2025 को भी कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में संदीप सोलंकी पर फायरिंग और हमला हुआ था। अब दोबारा गोलीबारी की घटना सामने आने से इलाके में आपराधिक रंजिश को लेकर चिंता बढ़ गई है।
थाने से महज 200 मीटर दूर वारदात
इस घटना का एक अहम पहलू यह भी है कि संदीप सोलंकी का मकान कैथूनीपोल थाने से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फायरिंग के पीछे की वजह और वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की भूमिका की जांच की जा रही है।
Ladpura, Kota | Nov 1, 2026