आदर्श कॉलोनी के सभी पार्क रोशनी से हुए जगमग, शाम को भी परिवारों को मिलेगा सुरक्षित माहौल,
वार्ड 11 में पार्कों की लाइट व्यवस्था दुरुस्त, बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया कदम;
अनूपगढ़ के वार्ड नंबर 11 स्थित आदर्श कॉलोनी में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में पहल की गई है। कॉलोनी के सभी पार्कों में लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इससे अब शाम ढलने के बाद भी पार्क रोशनी से जगमग रहेंगे और स्थानीय निवासियों को पार्कों में आने-जाने तथा समय बिताने में सुविधा मिलेगी। वार्ड पार्षद दीक्षा अमित सरना ने बताया कि जब एक माह पहले बोर्ड बना था तभी वार्ड के सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाने की दिशा में सर्वे किया गया था। वार्डवासियों की तरफ से भी पार्क में अंधेरा रहने की समस्या से अवगत करवाया गया था। जिसके बाद पहली ही बोर्ड बैठक में वार्ड की समस्याओं को लिखित ज्ञापन दिया था। अध्यक्ष निखिला मोहित छाबड़ा ने ज्ञापन पर तुरंत संज्ञान लेते हुए कर्मचारियों को निर्देशित किया। शुक्रवार को आदर्श पार्क में लाइटिंग व्यवस्था सही हो गई है। अब इस पार्क में अंधेरा नहीं रहेगा। पार्कों में रोशनी की व्यवस्था होने से विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को राहत मिलेगी। अंधेरा होने के कारण अक्सर शाम के समय पार्कों में आने-जाने में परेशानी होती थी। वहीं, पर्याप्त रोशनी नहीं होने से सुरक्षा को लेकर भी लोगों को चिंता रहती थी। अब लाइट व्यवस्था दुरुस्त होने से पार्कों का वातावरण अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। उन्होने कहा कि वार्ड के सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा वार्ड में सफाई कार्य भी जोरो शोरो से किया जा रहा है।