भंवरसेन की पहाड़ी पर जाने का रास्ता बंद, पुलिस-वन विभाग ने दोनों तरफ की घेराबंदी
संकीर्ण रास्ते पर दुर्घटना की आशंका के चलते प्रशासन का फैसला, रामपुर नैकिन और खड्डी चौकी की पुलिस सहित 18 जवान तैनात
सीधी। रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र के भंवरसेन की पहाड़ी पर काली माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को पुलिस, वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पहाड़ी पर जाने वाले रास्ते को दोनों तरफ से बंद कर दिया। रामपुर नैकिन थाना और खड्डी चौकी की पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए लोगों को आगे जाने से रोक दिया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए 18 पुलिसकर्मियों की टीम तैनात रही।
संकरे रास्ते पर हादसे का खतरा
पहाड़ी पर माता के दर्शन के लिए लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही थी। लेकिन यहां तक जाने वाला रास्ता काफी संकरा और जोखिम भरा है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन रास्ता बंद करने का निर्णय लिया, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
तहसीलदार ने बताई रास्ता बंद करने की वजह
रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि रास्ता काफी संकीर्ण है और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही है। भीड़ के बीच कभी भी दुर्घटना हो सकती थी। इसी आशंका को देखते हुए वन विभाग की टीम और अन्य कर्मचारियों के सहयोग से पहाड़ी के रास्ते को बंद कराया गया है।
दोनों तरफ पुलिस तैनात
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान पहाड़ी के दोनों तरफ पुलिस बल तैनात किया गया। रामपुर नैकिन पुलिस और खड्डी चौकी की टीम ने लोगों को रोककर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। वन विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। संकरे रास्ते पर भीड़ बढ़ने से संभावित दुर्घटना को रोकना प्राथमिकता है। फिलहाल पहाड़ी पर जाने वाले मार्ग को बंद कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।