सीधी कलेक्ट्रेट के बाहर युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
अभिषेक परमार और करुण सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर घेराव की कोशिश, कुछ कार्यकर्ता गिरफ्तार; पुलिस बोली—किसी को चोट नहीं आई
सीधी। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार दोपहर युवक कांग्रेस ने सीधी कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार और जिला अध्यक्ष करुण सिंह के नेतृत्व में निकले पैदल मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उग्र होती नजर आई, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मौके पर 80 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे।
युवक कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च स्थानीय अस्पताल चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे तक पहुंचा। जिला अध्यक्ष करुण सिंह के मुताबिक, प्रदर्शन में करीब दो हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। जमोड़ी, कोतवाली और बहरी थाना सहित अन्य थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। उन्होंने पुलिस पर हाथापाई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना में कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।
वहीं, डीएसपी मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने किसी भी कार्यकर्ता के घायल होने की बात से इनकार किया। उनके अनुसार, कुछ युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर होमगार्ड कार्यालय ले जाया गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान अभिषेक परमार ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में इंजेक्शन जैसी आवश्यक दवाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने अस्पताल में गंदगी, डॉक्टरों की कमी और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश सरकार पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया।
युवक कांग्रेस ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।