25 दिन के छात्र आंदोलन के बाद निकली आभार यात्रा, अभ्यर्थियों ने जताया सरकार का आभार
रांची, 19 अगस्त। जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच की ओर से बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक आभार यात्रा निकाली गई। देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
आंदोलन की सफलता पर छात्रों ने अबीर-गुलाल लगाकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। यात्रा के दौरान जयपाल सिंह मुंडा और शहीद अल्बर्ट एक्का को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी गई। छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया।
अभ्यर्थियों ने कहा कि भविष्य में पेपर लीक और नौकरियों की खरीद-फरोख्त जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की।
मंच के अनुसार, अभियान के दौरान 45 परीक्षाओं पर कार्रवाई हुई है। इनमें 22 परीक्षाएं रद्द, 17 पर जांच और 6 परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। छात्रों ने इसे झारखंड के छात्र आंदोलन की बड़ी सफलता बताया।
अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली इस सफलता ने छात्रों के बीच नई उम्मीद पैदा की है। उन्होंने आगे भी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की।
#JPSC #JSSC #StudentProtest #JharkhandNews #RanchiNews #DevendraNathMahto #JSSCExam #JPSCExam #StudentMovement #JharkhandStudents #HemantSoren #Ranchi #BreakingNews #JharkhandNews24 #NewsJharkhand24Live