मुरैना में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 217 आरोपी गिरफ्तार
मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 6 सितंबर से 21 सितंबर तक 16 दिनों में पुलिस ने 214 प्रकरण दर्ज कर 217 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने 1778 लीटर देशी और 213 लीटर अंग्रेजी, कुल 1991 लीटर अवैध शराब जब्त की। इसकी कीमत करीब 9 लाख 78 हजार 700 रुपए बताई गई है। इसके साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 3 वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए है। पुलिस ने कुल 14 लाख 78 हजार 700 रुपए से अधिक का मशरूका जब्त किया है।
इसके अलावा अवैध शराब के मामलों में पहले से लिप्त 65 आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
#morena #मुरैना