रक्षाबंधन से पहले देवास में बड़ी कार्रवाई, 972 किलो एनालॉग मावा-मिठाइयां जब्त
जोधपुर स्वीट्स और न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर प्रशासन का छापा, ट्रेंचिंग ग्राउंड में नष्ट कराया गया अमानक माल
देवास। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले देवास में मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर की दो प्रतिष्ठानों पर औचक छापामार कार्रवाई करते हुए 972 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग मावा और उससे तैयार मिठाइयां जब्त की हैं।
टीम ने भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स तथा नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स की दुकानों और कारखानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में एनालॉग मावा एवं उससे निर्मित मिठाइयां मिलीं। जांच में सामने आया कि जोधपुर स्वीट्स के गोदाम में रखा अमानक मावा उसकी तीन अलग-अलग आउटलेट्स पर बिक्री के लिए भेजा जाना था।
972 किलो अमानक सामग्री का कराया नष्टीकरण
प्रशासन द्वारा जब्त की गई सामग्री को केवल जब्त कर छोड़ने के बजाय नियमानुसार नष्ट कराया गया। बुधवार को जब्त किए गए एनालॉग मावा और मिठाइयों को गुरुवार को नगर निगम के शंकरगढ़ पहाड़ी स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया गया। यहां गड्ढा खुदवाकर 972 किलो अमानक सामग्री का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
क्या है एनालॉग मावा?
प्रशासन के अनुसार एनालॉग मावा और एनालॉग पनीर वास्तविक दुग्ध उत्पाद नहीं हैं। इन्हें पाम ऑयल, घटिया वनस्पति तेल, मिल्क पाउडर और अन्य रासायनिक पदार्थों के मिश्रण से तैयार किया जाता है। शासन द्वारा ऐसे उत्पादों के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही ऐसे अमानक उत्पादों की बाजार में खपत की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मिलावटखोरों को प्रशासन की दो टूक
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में मावा, पनीर, दूध और उनसे बने खाद्य पदार्थों की जांच आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों की जांच तेज की जाएगी तथा प्रतिबंधित, दूषित अथवा अमानक खाद्य सामग्री मिलने पर जब्ती और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार की मिठास में मिलावट न घुले, इसी उद्देश्य से प्रशासन ने त्योहारी सीजन से पहले यह बड़ी कार्रवाई की है।
Dewas Nagar, Dewas | Aug 27, 2026