बलिया में फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली स्थित सेमरा घाट पर मंगलवार को गंगा नदी में नहाते समय 14 वर्षीय किशोर तेज धारा में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। किशोर की तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर फेफना के विधायक संग्राम सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और किशोर की तलाश के संबंध में जानकारी ली।
मिली जानकारी के अनुसार, अराजी माफी सागरपाली निवासी भरत यादव का पुत्र शिवम यादव उर्फ गोलू (14) अपने दो दोस्तों के साथ सेमरा घाट पर नहा रहा था। इसी दौरान तैरते समय वह गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में समा गया।
शिवम के दोनों दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। उन्होंने घाट पर मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से किशोर की तलाश शुरू कराई।
हादसे के बाद शिवम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल किशोर का पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश जारी है।
#Ballia #BalliaKhabar #Fefna #SemraGhat #GangaRiver #ShivamYadav #RescueOperation #BreakingNews #BalliaNews #SangramSinghYadav #गंगा_में_डूबा_किशोर #बलिया_न्यूज़ #सेमरा_घाट #फेफना #रेस्क्यू_ऑपरेशन