चाट की रेहड़ी पर विवाद के बाद हमला
प्रशांत, नमन और आकाश काबू
सेक्टर-62/64 चौक पर चाकू और लाठी-डंडों से हमले में 45 वर्षीय लक्ष्मण की मृत्यु के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने तीन आरोपियों को काबू किया है। उनकी पहचान ऊंचा गांव निवासी प्रशांत, नमन और आकाश के रूप में हुई है। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव साहूपुरा निवासी अमित ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी कि 4 अक्टूबर 2026 को उसके भाई महेश के पास चाचा लक्ष्मण का फोन आया। लक्ष्मण ने बताया कि सेक्टर-62/64 चौक पर रेहड़ी लगाने वाले दो व्यक्ति और उनके साथी उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब वह और उसका भाई मौके पर पहुंचे तो 10 से 12 लोग चाकू और रॉड से लक्ष्मण पर हमला कर रहे थे। बीच-बचाव की कोशिश करने पर उन पर भी हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण लक्ष्मण की मृत्यु हो गई, जबकि महेश घायल हो गया। महेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ऊंचा गांव निवासी रिंकू की चाट की रेहड़ी पर लक्ष्मण के साथ कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद रिंकू ने अपने भाई और दोस्तों को बुलाया, जिन्होंने लक्ष्मण तथा अन्य लोगों पर हमला किया।
शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Panipat, Panipat | Oct 6, 2026