बैंक अधिकारियों की बैठक, ज्यादा से ज्यादा वादों को निस्तारित किये जाने हेतु दिये गये निर्देश
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा 12 सितम्बर, 2026 दिन शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसके संबंध में माननीय जनपद न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार सिंह-द्वितीय, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय सभागार में समस्त बैंक प्रबन्धकों की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का संचालन माननीय जनपद न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार सिंह, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली, बरेली द्वारा किया गया। जनपद न्यायाधीश द्वारा बैंक के अधिकारियों को लोक अदालत को सफल बनाने व अधिक से अधिक वादों के निस्तारण करने हेतु दिशा निर्देश दिए गये तथा ज्यादा से ज्यादा वादों के सफल निस्तारण कराने पर जोर दिया।
अपर जिला जज श्री उमा शंकर कहार, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत, बरेली ने बताया कि सभी बैंकों से आये अधिकारियों से लोक अदालत में लगाए वादों की जानकारी एकत्र करी, साथ ही चिन्हित किये गये वादों में ज्यादा से ज्यादा नोटिस प्रेषित किये जाने हेतु निर्देश जारी किये गए।
09 सितम्बर, 2026 से 11 सितम्बर, 2026 तक लग रही है विशेष लोक अदालत
प्राधिकरण सचिव श्रीमती जया प्रियदर्शिनी, अपर सिविल जज (सी.डि.) द्वारा बताया कि जनपद बरेली में राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व तीन दिवस की विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लघु आपराधिक वादों के निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। सभी न्यायालयों द्वारा लघु आपराधिक मामलों के निस्तारण के लिए वादों का चयन किया गया है, जिनका सफल निस्तारण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली सचिव द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत और राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने वादों का सफल निस्तारण कराएं।
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यरत पैरा लीगल वालंटियर को लगाया गया है, जो शहर के अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोक अदालत का प्रचार कर रहे हैं और आम जनता को लोक अदालत के लाभ बता रहे हैं।
#Bareillynewslive