जनकपुरी शिवाजी पार्क में दो दिन २४ और २५ विराजेंगे नाथ नगरी बरेली के राजा गणपति बप्पा
BareillyLive : माँ गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी, ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल, एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, महिला कल्याण समिति और भैरव सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में 24 और 25 सितंबर को शिवाजी पार्क, जनकपुरी, राजेंद्र नगर में दो दिवसीय एकादश द ग्रेट गणपति महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव मां गंगा, गौ, बेटी और पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, सनातन एवं आध्यात्मिक चिंतन को समर्पित रहेगा।
महोत्सव को लेकर संस्था मुख्यालय जीवन ज्योति कैंपस के सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना ने बताया कि 24 सितंबर को शाम पांच बजे साढ़े छह फीट ऊंची भगवान गणपति की प्रतिमा की स्थापना और कलश पूजन प्रख्यात कथा व्यास गोपाल कृष्ण ठाकुर द्वारा कराया जाएगा। इसके बाद शाम छह बजे प्रसिद्ध भजन गायक राजेंद्र गुलाटी भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे।
रात आठ बजे श्रीकृष्ण महारास, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, सम्मान समारोह, महाआरती और शपथ-संकल्प कार्यक्रम होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि ब्रज प्रांत भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी होंगे, जबकि अध्यक्षता माता सरस्वती देवी करेंगी। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य, सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर उमेश गौतम सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
संरक्षक सीएल शर्मा और अनुपम कपूर ने बताया कि भगवान गणपति को 170 किलोग्राम लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। 25 सितंबर को सुबह दस बजे ढोल-नगाड़ों के साथ राजेंद्र नगर से गणपति शोभायात्रा निकलेगी, जो रामगंगा तक जाएगी। इसके बाद प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में वीरेन्द्र प्रसाद खंडेलवाल, सतीश कातिब मम्मा, मोहम्मद नवी, अंकुर सक्सेना, विशेष कुमार, संजीव सक्सेना, अखिलेश शर्मा, मनीष रस्तोगी, कनिष्क शर्मा, अभिषेक सक्सेना, सचिन श्याम भारतीय, चेतन पुरी, हरजीत कौर, रवि सक्सेना और धीरज कुमार मौजूद रहे।