संस्कार किड्स किंगडम में ब्रजभूमि की संस्कृति का मनोहारी प्रदर्शन
BareillyLive: संस्कार किड्स किंगडम की जनकपुरी और बदायूं रोड स्थित दोनों शाखाओं में ब्रज उत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक भावनाओं के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हे बच्चों को ब्रजभूमि की संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और गौसेवा के संस्कारों से जोड़ना रहा।
उत्सव में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चे ब्रज संस्कृति से जुड़े विभिन्न पात्रों का रूप धारण कर पहुंचे। बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा, गोप-गोपियों और ग्वाल-बालों के स्वरूप में सजकर ब्रज की सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने बच्चों के इन मनमोहक रूपों के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद भी लिया। कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों ने लड्डू गोपाल की आरती उतारी, जबकि भगवान श्रीकृष्ण का अनवरत अभिषेक किया गया।
बच्चों को गौभक्त गोपाल और गौसेवा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर अभिभावकों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन अपने बच्चों से गाय को एक रोटी अवश्य खिलाएंगे। साथ ही, भोजन अथवा अन्य सामग्री को पॉलीथिन में भरकर खुले में नहीं फेंकेंगे। अभिभावकों ने यह भी कहा कि जहां गौशाला उपलब्ध होगी, वहां गायों के लिए रोटी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम में बच्चों ने अनेक भजनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। ‘छोटी-छोटी गइयां, छोटे-छोटे ग्वाल’ सहित विभिन्न भजनों पर नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में भक्ति, उत्साह और ब्रज संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन आगामी रोटरी गवर्नर सीए विनय कृष्ण ने किया। संस्कार किड्स किंगडम के निदेशक आलोक प्रकाश ने बताया कि बच्चों का ब्रजभूमि से लगाव बढ़ाने के लिए विद्यालय में कक्षाओं के सेक्शन के नाम भी वृंदावन, गोकुल और नंदगांव रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को इन पवित्र स्थलों और भारतीय संस्कृति के बारे में अधिक से अधिक जानकारी देने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी और राधाष्टमी के मध्य हर वर्ष यह आयोजन किया जाता है, जिसे ब्रज उत्सव नाम दिया गया है। भारतभूमि में ब्रजभूमि का विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कमलेश कुमार, अर्चना सक्सेना, साक्षी यादव सहित विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।