पंचतत्व बैंड की पहाड़ी फ्यूजन धुनों पर झूमे दर्शक, ‘एक पहाड़ी उड़ान’ ने बांधा समां
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 की चतुर्थ सांस्कृतिक संध्या में पंचतत्व ‘एक पहाड़ी उड़ान’ बैंड समूह की शानदार प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। बैंड के कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकगीतों को आधुनिक और फ्यूजन संगीत के अनूठे अंदाज में प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
पारंपरिक लोकधुनों के साथ आधुनिक संगीत का खूबसूरत संगम दर्शकों को खूब पसंद आया। बैंड की प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, संगीत और पहाड़ की मिट्टी की महक साफ नजर आई। कलाकारों ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया।
पंचतत्व बैंड की प्रस्तुति ने यह भी दिखाया कि पहाड़ का पारंपरिक संगीत आधुनिक अंदाज में भी नई पीढ़ी को आकर्षित कर सकता है। लोकगीतों को नए संगीत संयोजन के साथ प्रस्तुत कर समूह ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को एक अलग पहचान देने का प्रयास किया।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता स्थानीय और उत्तराखंडी कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की लोककला, संगीत और प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।