छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण
#देवरिया। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने नदावर घाट और मझौलीराज घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर पर्याप्त रोशनी के साथ गोताखोरों और नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात रखी जाए।
उन्होंने पटाखे पूजा स्थलों से पर्याप्त दूरी पर जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। डीएम ने बताया कि जनपद के अन्य घाटों का भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। बीडीओ, ईओ और प्रभारी चिकित्साधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सभी तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को पर्व के दौरान सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अर्घ्य के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की।
इस दौरान एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Barhaj, Deoria | Nov 14, 2026