#भरतपुर। नदबई क्षेत्र के गांव बरौलीछार में श्री बजरंग कीर्तन मंडल के तत्वावधान में आयोजित विशाल हरि कीर्तन दंगल में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इस दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से आई प्रसिद्ध कीर्तन पार्टियों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों और भंजनों से समां बांध दिया, जिसे सुनने के लिए बरौलीछार सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालु पहुंचे। कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और हनुमानजी की महिमा का गुणगान करने पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। आयोजकों के अनुसार, इस विशाल हरि कीर्तन दंगल का समापन कल बुधवार को होगा।