#पीड़ित_परिवार_का_विरोध_प्रदर्शन..
भरतपुर। भुसावर थाना क्षेत्र के सुहारी गांव में मंगलवार को एक खेत में नीम के पेड़ पर 22 वर्षीय युवक नरेश पुत्र बच्चू जाटव का श*व लटका हुआ मिला। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने इसे ह*त्या का मामला बताते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव को घर ले जाने के बजाय सीधे भुसावर थाने के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने थाने के घेराव के साथ ही रास्ता जाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस की तत्परता से वे सफल नहीं हो सके। मृतक की पत्नी ने पूर्व में गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ पीछा करने और परेशान करने का मामला दर्ज कराया था, जिसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन अड़े रहे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से पूर्व में परस्पर मामले दर्ज कराए गए थे, जिनकी जांच चल रही है। प्रदर्शन की सूचना पर सीओ नीरज भारद्वाज मौके पर पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित परिजनों को काफी देर तक समझा-बुझाकर शांत किया। सीओ द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद ही परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने घर ले गए।