प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन
--
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुगमता एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अग्रणी जिला प्रबंधक, टीकमगढ़ श्री कैलाश नारायण आर्य के समन्वय में 17 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत कार्यालय, टीकमगढ़ के सभाकक्ष में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्रपत्र मौके पर ही भरवाए गए तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं औपचारिकताओं की पूर्ति कर प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई। शिविर के दौरान 14 पात्र हितग्राहियों को योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति प्रदान करते हुए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। शिविर में ग्वालियर से उपस्थित एमएसएमई डीएफओ श्री राजन कुमार एवं महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री गुंजन जैन द्वारा पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये।
इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न लाभों, सुविधाओं, ऋण प्रक्रिया एवं अन्य प्रावधानों के संबंध में हितग्राहियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर में श्री वी.सी. पटेल प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, श्री नसीम सिद्धिकी एफएलसी एवं श्री गौरीशंकर राजपाली, जिला समन्वयक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधक एवं बैंक प्रतिनिधि तथा योजना के पात्र हितग्राही उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से हितग्राहियों की आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति तथा बैंक संबंधी कार्यवाही को एक ही स्थान पर संपादित कराने का प्रयास किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना रहा।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
39 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026