समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 281, दिनांक 08.06.2026
********************************
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में 'सबका सम्मान जीवन आसान' कार्यक्रम आयोजित, त्वरित निष्पादन के निर्देश
******************************
आज दिनांक 08 जून 2026 को
आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निवारण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में आज सोमवार को श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी शेखपुरा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में 'सबका सम्मान जीवन आसान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है कि जनता की शिकायतों को सीधे सुनना और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाकर आम लोगों को राहत पहुंचाना रहा। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 16 आवेदन प्राप्त हुआ जिसको जिला पदाधिकारी महोदय ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी परिवादियों को एक-एक कर अपने पास बुलाया और पूरी आत्मीयता के साथ उनकी समस्याओं को सुना। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से जन-समस्याएं शामिल थीं जिनमें चापाकल की मरम्मती, नाला का निर्माण करने, जमीन पर अवैध कब्जा करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने, नक्शा एवं खतियान में नाम सुधारने, जमीन गलत तरीका से मापी कर हड़पने, भूमि सर्वे में जमीन दूसरे के नाम पर करने, पेयजल की आपूर्ति उपलब्ध कराने, पंकज कुमार द्वारा मारपीट करने एवं रंगदारी मांगने, नल जल की समस्या का समाधान करने, अनुबंध को रद्द नहीं करने, बिहार विधानसभा निर्वाचन मे उपयोग किए गए गाड़ी का भुगतान करने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ। जिसको मामलों की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों की यथाशीघ्र जांच की जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
"हमारा उद्देश्य है कि जनता को ससमय न्याय और सुविधाएं देना है। किसी भी परिवादी को अपनी जायज मांगों के लिए बेवजह सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।"
इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने और शिकायतों के ऑन-स्पॉट संज्ञान के लिए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह जिला जनता दरबार के प्रभारी पदाधिकारी श्री धर्मेन्द्र कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश सौंपे गए।
इस पहल से दूर-दराज के गांवों से आए फरियादियों में एक नई उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब जल्द और पारदर्शी तरीके से हो सकेगा।
*
डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
Sheikhpura, Bihar | Jun 8, 2026