308 पहियों वाले विशाल ट्रेलर को पार कराने के लिए मोहनसराय हाईवे का फुटओवर ब्रिज काटने का काम शुरू
वाराणसी। मोहनसराय चौराहे पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे 200 टन वजनी ओवर डायमेंशन कार्गो बॉयलर मशीन को लेकर आ रहे 308 पहियों वाले विशाल ट्रेलर को पार कराने के लिए हाईवे पर बने फुटओवर ब्रिज को काटकर हटाने का काम शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर के मंगलवार को मोहनसराय चौराहे पहुंचने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, बेल्जियम से समुद्री मार्ग से ओडिशा पहुंची इस विशाल मशीन को विशेष ट्रेलर पर लादकर सड़क मार्ग से ओडिशा से उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है। मशीन को लखीमपुर खीरी जिले के बलरामपुर में निर्माणाधीन प्लांट में स्थापित किया जाना है। विशाल ट्रेलर की ऊंचाई और आकार को देखते हुए उसके सुरक्षित आवागमन के लिए मोहनसराय चौराहे स्थित फुटओवर ब्रिज को काटकर हटाने की कार्रवाई की जा रही है।