26 देवी-देवताओं के आगमन से देवमय हुआ आनी का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पनेऊ
श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, कंस वध सहित भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का किया वर्णन
आनी (कुल्लू)। आनी के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पनेऊ नाग मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के छठे दिन पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण के साथ देवमय हो उठा। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में आनी, मंडी और बंजार सहित विभिन्न क्षेत्रों के 26 देवी-देवताओं ने शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक एवं अलौकिक देव मिलन के साक्षी बने।
कथा के छठे दिन चित्रकूट धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री जनार्दनाचार्य जी महाराज ने कंस वध सहित भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को अध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि और अधर्म का प्रभाव बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों के माध्यम से धर्म, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस विशेष अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से क्षेत्र के 26 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया गया था। सभी देवी-देवताओं के ऐतिहासिक पनेऊ मंदिर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि पनेऊ नाग ने सभी देवी-देवताओं का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया।
इस देव समागम में शमशर महादेव, आराध्य कुंईरी व्यास ऋषि, लोमश ऋषि, बंजार के प्रसिद्ध श्रृंगा ऋषि, बालू नाग, बूढ़ी नागिन सहित 26 देवी-देवताओं की उपस्थिति ने पूरे पनेऊ क्षेत्र को देवमय बना दिया।
श्रद्धालुओं में इस ऐतिहासिक देव मिलन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का समापन 19 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ होगा।
Kullu, Kullu | Nov 19, 2026