Cfore School Rankings 2026 में सिमुलतला आवासीय विद्यालय का जलवा, देशभर में हासिल किया दूसरा स्थान
जमुई। बिहार के शैक्षणिक गौरव सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रतिष्ठित Cfore School Rankings 2026 में भारतीय पाठ्यक्रम के तहत सर्वश्रेष्ठ सरकारी आवासीय विद्यालयों की श्रेणी में सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से जमुई जिले के साथ-साथ पूरे बिहार का गौरव बढ़ा है।
विद्यालय की इस सफलता पर जिला पदाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों और समस्त विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करना विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का प्रमाण है।
सिमुलतला आवासीय विद्यालय अपनी स्थापना से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। यहां विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष जोर दिया जाता है।
यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था को दर्शाती है। राष्ट्रीय रैंकिंग में मिली इस सफलता से जमुई की शैक्षणिक पहचान और मजबूत हुई है। साथ ही, यह बिहार में सरकारी विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक उपलब्धि है।
Jamui, Jamui | Oct 13, 2026