कालका में सड़क पर मिले हिमाचल प्रदेश के युवक के मोबाइल फोन को पंचकूला के ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने पहचान जुटाकर लौटाया
युवक ने वीडियो जारी कर जताया आभार
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने पुलिसकर्मी की सराहना कर अन्य जवानों को भी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी निभाने के लिए किया प्रेरित
पंचकूला 13 नवंबर :- पंचकूला पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ-साथ अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता से आमजन का विश्वास जीतने का कार्य भी कर रही है। सड़क पर किसी का खोया हुआ सामान हो या किसी जरूरतमंद को सहायता की आवश्यकता, पंचकूला पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी के साथ-साथ जनसेवा की भावना से भी लगातार कार्य कर रहे हैं। इसी का एक सराहनीय उदाहरण कालका में देखने को मिला, जहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी एएसआई सुग्रीव ने सड़क पर मिला एक मोबाइल फोन उसके असली मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की।
सुरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी एसएचओ अभिषेक के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के परवाणु निवासी एक युवक किसी कार्य से कालका आया हुआ था। इस दौरान उसका मोबाइल फोन सड़क पर कहीं गिर गया, जो कालका में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी एएसआई सुग्रीव को मिला। एएसआई सुग्रीव ने मोबाइल फोन को अपने पास सुरक्षित रखते हुए उसके वास्तविक मालिक की पहचान जुटाने के प्रयास किए और युवक की पहचान होने पर उससे संपर्क कर मोबाइल फोन सकुशल वापस लौटा दिया।
अपना खोया हुआ मोबाइल फोन वापस मिलने पर युवक ने पंचकूला पुलिस और विशेष रूप से एएसआई सुग्रीव का आभार व्यक्त करते हुए एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उसने पुलिसकर्मी की ईमानदारी और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने एएसआई सुग्रीव के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की सहायता करना और उनके बीच पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना मजबूत करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित किया कि वे अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखें।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia