#भरतपुर। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर रबर स्ट्रिप, रिफ्लेक्टिव स्टीकर, जेब्रा क्रॉसिंग और साइनेज लगाने तथा सड़कों के आसपास से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित 322 अतिक्रमणों को हटाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही रारह पुलिया, कंजौली लाइन आरओबी और सेवर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत 15 दिवस में पूरी करने की हिदायत दी गई। अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने राजमार्गों की रोड सेफ्टी ऑडिट कराने और दुर्घटना के दौरान प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार का प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, एनएचएआई, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।