#भरतपुर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को भरतपुर के राजकीय आरबीएम अस्पताल और नदबई जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिसमें कुल 70 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। आरबीएम अस्पताल में आयोजित शिविर का जिला कलक्टर कमर चौधरी ने निरीक्षण कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और प्रमाण पत्र वितरित किए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आमजन को रक्तदान की ऑनलाइन शपथ दिलाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आरबीएम अस्पताल में 51, नदबई में 9 तथा प्राइवेट ब्लड बैंक में 10 लोगों ने रक्तदान किया। 18 अक्टूबर तक जिले भर के चिकित्सा संस्थानों में यह शिविर जारी रहेंगे, जिसके तहत शुक्रवार को उप जिला अस्पताल रूपवास में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. विवेक भारद्वाज, अधीक्षक डॉ. नगेंद्र भदौरिया सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।