समाजवादी पार्टी का प्रण पत्र विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण का संकल्प : सुशील पाण्डेय कान्हजी
हर वर्ग की उम्मीदों और बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करता है प्रण पत्र
बलिया, 27नवम्बर।। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के लिए जारी पार्टी के प्रण पत्र का स्वागत करते हुए सपा के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने इसे प्रदेश के विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रण पत्र समाज के सभी वर्गों की उम्मीदों, आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य के संकल्प को अभिव्यक्त करता है।
सुशील पाण्डेय ने कहा कि यह प्रण पत्र महज चुनावी वादों का संकलन नहीं, बल्कि युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, महिलाओं और व्यापारियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के प्रति पार्टी की सोच और प्रतिबद्धता का परिचायक है। पुरानी पेंशन की बहाली, महिलाओं के सशक्तिकरण, सम्मान और सुरक्षा को लेकर किए गए संकल्प पार्टी की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास पर आधारित रही है। पार्टी अपने चुनावी घोषणा पत्र को गीता, कुरान और बाइबिल जैसे पवित्र ग्रंथों के समान महत्व देती है और अपने संकल्पों को धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास कार्य आज भी जनता के बीच याद किए जाते हैं। पार्टी का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
सुशील पाण्डेय कान्हजी ने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का यह प्रण पत्र प्रदेश में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की खुशहाली, महिलाओं के सम्मान और सर्वसमाज के कल्याण का नया मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रण पत्र प्रदेश की जनता में बेहतर भविष्य की नई उम्मीद जगाने वाला संकल्प है। अंत में उन्होंने पार्टी के प्रण पत्र का स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा ही प्रदेश को विकास, खुशहाली, समानता और सामाजिक न्याय के नए आयामों तक पहुंचाने में सक्षम है।
#समाजवादीपार्टी #अखिलेशयादव #सुशीलपाण्डेयकान्हजी #प्रणपत्र #सामाजिकन्याय #प्रदेशकाविकास #जनकल्याण #पुरानीपेंशनबहाली #समाजवादीविचारधारा #समाजवादीपार्टीबलिया #बलिया #उत्तरप्रदेश #बलिया24न्यूज़