शाहपुरा में निर्मित पैनोरमा का अवलोकन कर लखावत ने महाराणा प्रताप स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की
भीलवाड़ा/शाहपुरा : सुभाष व्यास राजस्थान सरकार धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने बुधवार शाम शाहपुरा में निर्माणाधीन केसरी सिंह बारहठ पैनोरमा एवं रामस्नेही पैनोरमा का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का निरीक्षण कर संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लखावत ने केसरी सिंह बारहठ पैनोरमा के ठेकेदार को कार्य में गति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में ए-क्लास गुणवत्ता का सूरसागर (जोधपुर) का पत्थर लगाया जाए तथा फ्लोर एवं सीलिंग का कार्य भी उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की चेतावनी दी।
रामस्नेही पैनोरमा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य भवन को बारिश से पूर्व निर्धारित स्तर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी एवं कैलाश सिंह जाड़ावत ने पैनोरमा परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले वृक्षारोपण की जिम्मेदारी लेने की बात कही।
जयपुर प्रस्थान के दौरान लखावत ने महाराणा प्रताप स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की तथा महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान एवं राष्ट्रभक्ति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ते हुए एक सर्किट के रूप में कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, कैलाश सिंह जाड़ावत, राजू सोलंकी, युवराज सोनी, पवन कुमार शर्मा, शहीद प्रताप सिंह बारहठ सेवा संस्थान के सदस्य, श्रमिक एवं इंजीनियर राजावत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।