जब्त औजारों का सौदा और खदान से माल उठाने की चर्चा, वन विभाग का वीडियो वायरल
मुरैना/टेंटरा। जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला जवाहरगढ़ प्रथम बीट का बताया जा रहा है, जहां बीट गार्ड और चौकीदार पर अवैध खनन माफिया से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगे हैं।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर वन अमले के कर्मचारी अवैध पत्थर उत्खनन में इस्तेमाल होने वाले जब्त औजारों को लेकर सौदेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घन, संबल, कुल्हाड़ी, तसला और फावड़े जैसे उपकरण अवैध उत्खनन स्थल से बरामद किए गए थे। नियमों के अनुसार इन औजारों को जब्त कर राजसात करने तथा संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन वीडियो में इन्हें वापस करने के लिए लेन-देन की बातचीत होती सुनाई दे रही है।
इतना ही नहीं, वीडियो में बीट गार्ड के मोबाइल पर हुई बातचीत का ऑडियो भी सुनाई दे रहा है। फोन पर कथित तौर पर एक व्यक्ति पूछता है, "छत्रा वाली खदान पर खंडा डला है, ले आऊं क्या? कोई अधिकारी तो नहीं आ रहा है?" जिस पर बीट गार्ड द्वारा उसे बेखौफ होकर माल उठाने का इशारा दिए जाने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली और अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
#Tentra #Morena #ForestDepartment #IllegalMining #ViralVideo #MiningMafia #Jawarhgarh #MPNews #BreakingNews #ViralNews #ForestGuard #MadhyaPradeshNews