आईएफएमआईएस केयर्स थीम पर आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ
----
*वित्तीय प्रक्रियाओं को पारदर्शी, सुगम एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए अधिकारियों को दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण*
इंदौर, 25 नवम्बर 2026
वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, सुगमता एवं कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आईएफएमआईएस केयर्स थीम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आज कलेक्टोरेट स्थित ई-दक्ष केन्द्र में प्रारंभ हुआ। आयुक्त कोष एवं लेखा, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिला कोषालय इंदौर द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को वित्तीय नियमों, प्रक्रियाओं एवं आईएफएमआईएस पोर्टल के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस अधिकारियों को वित्तीय अधिकार पुस्तिका, कोषालय संहिता तथा वित्तीय कार्यों से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों की जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही आईएफएमआईएस पोर्टल पर स्क्रॉल एवं रिपोर्ट संबंधी कार्यों तथा आईएफएमआईएस केयर्स कैम्प के अंतर्गत सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में प्रोग्राम अधिकारी श्री मनीष दुबे, सहायक कोषालय अधिकारी सुश्री कविता खत्री एवं श्री धर्मराज कोडले द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को पोर्टल के विभिन्न प्रावधानों एवं वित्तीय प्रक्रियाओं की बारीकियों से अवगत कराते हुए उनकी व्यावहारिक जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्रीमती मोनिका कटारे द्वारा प्रशिक्षण की व्यवस्था एवं समन्वय किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा एवं अंतिम दिवस 26 नवम्बर को भी आयोजित होगा। इसमें अधिकारियों को आईएफएमआईएस पोर्टल से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण शासकीय वित्तीय कार्यों के समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निष्पादन, पोर्टल के बेहतर उपयोग तथा कोषालय संबंधी प्रक्रियाओं में दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे शासकीय वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता को और मजबूती मिलेगी।
---
#IFMIS #FinancialManagement #Indore #JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh