जिला जेल खरगोन में श्रद्धा और भक्ति के साथ गणेश उत्सव का आयोजन
________________
मराठी संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
________________
बंदियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने दिया सुधार और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश
________________
खरगोन 22 सितंबर 2026। जिला जेल खरगोन में गणेश उत्सव के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता से परिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जेल अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना एवं गणेश स्तोत्र के पाठ से हुआ। इसके पश्चात विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने भगवान श्री गणेश की महाआरती की। गणेश जी को छप्पन भोग अर्पित कर जेल परिवार, बंदियों एवं उनके परिजनों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।
गणेश उत्सव के लिए जेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान श्री गणेश की सुंदर झांकी के साथ पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। महाआरती के बाद मराठी संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिला एवं पुरुष बंदियों तथा जेल कर्मचारियों ने पारंपरिक वेशभूषा में महाराष्ट्र की लोक-संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जेल अधीक्षक सुश्री हिमानी मनवारे सिंह की भक्तिमय गीत “सत्यम्, शिवम्, सुंदरम्” की भावपूर्ण प्रस्तुति रही। उनकी प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। उपस्थित अतिथियों एवं जेल परिवार ने प्रस्तुति की सराहना की।
विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने बंदियों एवं जेल कर्मचारियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए गणेश उत्सव को श्रद्धा और संस्कृति का सुंदर संगम बताया। उन्होंने बंदियों द्वारा उत्साह एवं लगन से तैयार की गई प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में बंदियों की सक्रिय सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जेल केवल सुरक्षा एवं निरुद्धता का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, संस्कार, रचनात्मकता और सकारात्मक परिवर्तन का भी केंद्र है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से बंदियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जेल अधिकारी-कर्मचारियों एवं बंदियों ने मिलकर उत्सव में सहभागिता की, जिससे जेल परिसर में सौहार्दपूर्ण एवं पारिवारिक वातावरण बना। अंत में पूरा परिसर “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति एवं रचनात्मकता से परिपूर्ण इस आयोजन ने गणेश उत्सव को यादगार बना दिया।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Sep 22, 2026