रामा ब्लॉक की स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र भायल एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान द्वारा रामा विकासखंड अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, परिवार नियोजन, आयुष्मान भारत योजना तथा संस्थागत व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामा के निरीक्षण के दौरान मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेश बाबेरिया की उपस्थिति में आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। संस्था में साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि गत माह संस्था में 192 संस्थागत प्रसव एवं 36 आईयूसीडी लगाए गए। अधिकारियों ने परिवार नियोजन सेवाओं के विस्तार एवं पात्र दंपत्तियों को परिवार नियोजन साधनों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान पीएनसी महिलाओं से चर्चा कर सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशु की देखभाल, स्तनपान के महत्व, प्रसव उपरांत जांच एवं परिवार नियोजन संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। माताओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ करने तथा नवजात शिशुओं का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने की समझाइश दी गई।
अधिकारियों ने ओपीडी एवं आईपीडी व्यवस्थाओं, दवाइयों की उपलब्धता, लेबर रूम, टीकाकरण कक्ष, रिकॉर्ड संधारण एवं विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया। स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने, समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा गंभीर मरीजों के त्वरित रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपस्वास्थ्य केंद्र माछलिया के निरीक्षण के दौरान एएनसी महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं समयानुसार टीकाकरण करवाने की सलाह दी गई। उपस्थित सीएचओ को स्वास्थ्य संस्था में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, दवाइयों को व्यवस्थित रखने तथा एएनसी रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही हाई रिस्क एवं निकट-प्रसव वाली महिलाओं की सूची प्रदर्शित करने तथा प्रत्येक गर्भवती महिला की निर्धारित चार एएनसी जांच समय पर सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
उपस्वास्थ्य केंद्र भुराडाबरा में आयोजित टीकाकरण सत्र का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 36 ड्यू-लिस्ट हितग्राहियों में से 6 हितग्राहियों का टीकाकरण एवं 6 अपेक्षित एएनसी महिलाओं में से 2 महिलाओं की जांच होना पाया गया। अधिकारियों ने एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ताओं को टीकाकरण कवरेज बढ़ाने तथा अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही छूटे हुए हितग्राहियों का घर-घर संपर्क कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी संस्थाओं में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, आईईसी गतिविधियों, रिकॉर्ड संधारण एवं रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने सभी शिशुओं के टीकाकरण कार्ड बनाए जाने तथा कोई भी पात्र माता एवं शिशु टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन के लिए तैयार करने, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP