चुराह के कोटि से कांग्रेस ने शुरू किया ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’, संविधान और मताधिकार की रक्षा का लिया संकल्प
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चुराह/चंबा, 2 अक्टूबर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी चंबा ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के गांव कोटि से ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ का आगाज किया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया तथा संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव मनमोहन कटोच, प्रदेश महासचिव बलविंदर सिंह बबलू और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और आदर्शों को याद किया। सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि गांधी जी का ग्राम स्वराज, सत्य, अहिंसा और जनभागीदारी लोकतंत्र की मजबूत नींव के प्रतीक हैं। इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कोटि से ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ शुरू किया गया है और पूरे सप्ताह चंबा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे का उल्लेख करते हुए मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग रखी।
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी तीखी राजनीतिक टिप्पणी की और चुनाव आयोग की निष्पक्षता व स्वायत्तता से जुड़े सवालों का पारदर्शी जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि वोट जनता का अधिकार और लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव यशवंत खन्ना, चुराह विधानसभा प्रभारी करतार सिंह, सह-प्रभारी हंसदीन, सेवादल अध्यक्ष महासू राम सहित जिला, ब्लॉक और मंडल कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ‘लोकतंत्र बचाओ—देश बचाओ’ और ‘मेरा वोट—मेरा अधिकार’ जैसे नारों के साथ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।