अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में ‘मेरा सपनों का भारत 2047’ थीम पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
राज्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित, मेधावी विद्यार्थियों को वितरित की स्कूटी
सिंगरौली। 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में ‘मेरा सपनों का भारत 2047’ थीम पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को रंगों और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरा सपनों का भारत 2047’ विषय को केंद्र में रखते हुए विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध एवं सशक्त भारत की अपनी कल्पनाओं को कलात्मक रूप प्रदान किया। किसी विद्यार्थी ने आधुनिक तकनीक और नवाचार से युक्त भारत की तस्वीर प्रस्तुत की, तो किसी ने स्वच्छ पर्यावरण, हरित विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर समाज की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और कल्पनाशीलता ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला स्तरीय पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 के भारत के निर्माता होंगे। उन्होंने कहा कि ‘मेरा सपनों का भारत 2047’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपने सपनों, विचारों और रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शिक्षा के साथ नवाचार, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की युवा पीढ़ी अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करेगी। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में विद्यार्थियों एवं युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने तथा समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में पुरस्कार से अधिक महत्वपूर्ण विद्यार्थियों की सहभागिता, कल्पनाशीलता और भविष्य के भारत के प्रति उनकी सोच है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के अंतर्गत पात्र मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं रिया सिंह बैस, नितेश कुमार प्रजापति, शिवांशी तिवारी, इन्द्रवती बैस एवं सरोज सिंह बैस को राज्यमंत्री सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी एवं दस्तावेज प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनकी शैक्षणिक यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही स्कूटी उनकी उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित चित्रों का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा की सराहना की।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh