मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न
सांदीपनि विद्यालयों से निकलने वाले विद्यार्थी देश के आदर्श नागरिक बनेंगे : मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों, शिक्षकों एवं मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त सांदीपनि विद्यालयों में 15 जुलाई से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सभी आठ सांदीपनि विद्यालयों का जिला स्तरीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव शनिवार को सांदीपनि विद्यालय, पेटलावद में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों से निकलने वाले विद्यार्थी देश के अच्छे एवं जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्राचीनकाल में उज्जैन स्थित सांदीपनि गुरुकुल में भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा प्राप्त की थी, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ जीवनोपयोगी ज्ञान, शास्त्र एवं शस्त्र विद्या सहित सर्वांगीण विकास की शिक्षा दी जाती थी। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश शासन ने प्रदेश के जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों पर संचालित सांदीपनि विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थियों को नर्सरी से कक्षा 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इन विद्यालयों को आधुनिक संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा पूरी लगन से अध्ययन करने का आह्वान किया।
अपने उद्बोधन में मंत्री सुश्री भूरिया ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने और पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन का प्रत्येक क्षण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और यही समय भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने युवाओं से तेज गति से वाहन नहीं चलाने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी मेहनत करने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से अपने गांव, विकासखंड एवं जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
मंत्री सुश्री भूरिया ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए प्राचार्यों एवं गुरुजनों की सराहना करते हुए अभिभावकों से भी अपेक्षा की कि वे बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा नियमित रूप से शिक्षकों के संपर्क में रहकर परीक्षा परिणामों में सुधार हेतु सहयोग करें।
कार्यक्रम में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले सांदीपनि विद्यालय पेटलावद के प्राचार्य पूरा लाल चौहान, झाबुआ के प्राचार्य हरीश कुंडल, कल्याणपुरा के प्राचार्य ज्ञानेंद्र ओझा तथा मेघनगर की प्राचार्य श्रीमती वर्षा चौरे का मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा सम्मान किया गया। इसके साथ ही जिले के आठों सांदीपनि विद्यालयों के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम में योगदान देने वाले 98 शिक्षकों तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 16 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विकासखंड पेटलावद के सेवानिवृत्त गुरुजनों का भी सम्मान किया गया।
जनपद अध्यक्ष श्री रमेश सोलंकी ने विद्यार्थियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। जिला उपाध्यक्ष श्री हेमंत भट्ट ने अपने संबोधन में गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में जो भी सफलता प्राप्त होती है, उसमें गुरु का सबसे महत्वपूर्ण योगदान होता है।
सहायक आयुक्त श्रीमती सुप्रिया बिसेन ने विद्यार्थियों को गत वर्ष की भांति आगामी वर्षों में भी उत्कृष्ट एवं शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण , जिला शिक्षा अधिकारी श्री रूप सिंह बामनिया , शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री देवेंद्र ओझा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Jul 18, 2026