वजीरगंज में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल को किया गया रेफर।
खिरियावां मोड़ के पास एनएच-82 पर अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम।
वजीरगंज। गया-राजगीर एनएच-82 पर वजीरगंज थाना क्षेत्र के खिरियावां मोड़ के पास गुरुवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मानपुर प्रखंड के जहाना गांव निवासी 27 वर्षीय रंजीत चौहान के रूप में हुई है। वहीं, घायल 28 वर्षीय लालजीत चौहान भी जहाना गांव का निवासी बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. नंदलाल प्रसाद की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक के भाई सिकंदर चौहान के अनुसार, दोनों युवक मजदूरी करते थे और नरहट थाना क्षेत्र के भीखमपुरा गांव में एक परिवार के यहां काम करने जा रहे थे। इसी दौरान खिरियावां मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। महिला परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिया। करीब आधे घंटे से सड़क जाम रहने के कारण आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एवं हर संभव मदद और सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया ।
बिहार गया से राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट ।
Nawada, Nawada | Oct 22, 2026