पुलिस कप्तान ने नियमों का पालन करने वालों को फूल और बिना हेलमेट वालों को दिए हेलमेट
====
देहरादून। कानून का पालन कराने के साथ जनता का दिल कैसे जीता जाता है, इसकी मिसाल शुक्रवार को देहरादून के पुलिस कप्तान परमिंदर सिंह डोबाल ने पेश की। कप्तान डोबाल खुद सड़क पर उतरे और यातायात नियमों का पालन करने वालों को फूल देकर सम्मानित किया। वहीं, बिना हेलमेट चलने वालों को डांट-फटकार के बजाय सुरक्षा का महत्व समझाया और हेलमेट भी वितरित किए।
20 नवंबर को चलाए गए विशेष अभियान में एसएसपी डोबाल ने प्रमुख चौराहों पर खुद मोर्चा संभाला। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों के हेलमेट पहने होने पर उन्होंने फूल देकर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, पीछे बैठने वाली सवारी के बिना हेलमेट मिलने पर उन्हें जागरूक किया।
कप्तान डोबाल का साफ संदेश था कि पुलिस का मकसद चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए।
डोबाल ने वाहन चालकों को तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल से बचने की हिदायत भी दी।
पहले फूल और समझाइश, अब नियम तोड़ने पर कार्रवाई। कप्तान डोबाल ने स्पष्ट कर दिया कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाली सवारी ने हेलमेट नहीं पहना तो वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार चालान किया जाएगा।
कप्तान डोबाल की इस पहल में पुलिस का एक अलग चेहरा दिखाई दिया, जहां नियमों के पालन पर सम्मान मिला और लापरवाही करने वालों को सुधारने का अवसर। अभियान में एसपी यातायात, सीओ यातायात सहित यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
#uttarakhand
#हिमाचल
#Dehradun
Ronhat, Sirmaur | Nov 21, 2026