🚨बाल दिवस पर देहरादून में बच्चों को नशे के खिलाफ किया जागरूक, 275 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
देहरादून। बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। नालसा के DAWN अभियान के तहत 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत बाल दिवस के अवसर पर की गई।
इसी क्रम में 14 नवंबर को क्लेमेंट टाउन स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल, बड़ा भारूवाला में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण, पॉक्सो एक्ट, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। साथ ही किसी भी तरह के शोषण, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में मदद लेने के तरीकों के बारे में बताया। बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर सहायता लेने की अपील की गई।
प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल ने भी बच्चों को नशे के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान नशे के खिलाफ चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालय को मेडिकल किट भी प्रदान की गई।
बच्चों की समस्याओं और कानूनी सहायता से जुड़ी जानकारी देने के लिए विद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई। कार्यक्रम के समापन पर नशे के विरुद्ध जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे सचिव सीमा डुंगराकोटी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में कुल 275 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस पहल के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार जताया। कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल, साजिदा और अंजना रंसवाल ने सहयोग किया।
#Dehradun #DrugAwareness #NALSA #newsmafiya #ChildrensDay #UttarakhandNews
Dehradun, Dehradun | Nov 15, 2026