रामगोविंद चौधरी के निधन से समाजवाद की बड़ी क्षति : जियाउद्दीन रिजवी
पूर्व मंत्री एवं विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने पूर्व मंत्री एवं विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आज हमने अपना अभिभावक खो दिया। उनका निधन व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए भी अपूरणीय क्षति है।
शोक संवेदना में जारी बयान में मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने कहा कि 9 जुलाई 1953 को मेरे गांव के बगल में जन्मे रामगोविंद चौधरी आगे चलकर हम जैसे लोगों के राजनीतिक आदर्श बने। उनकी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ने हमेशा प्रेरणा दी। उन्होंने बड़े भाई की तरह सही रास्ते पर चलने की सीख दी और उनका स्नेह व आशीर्वाद सदैव मिलता रहा।
उन्होंने कहा कि रामगोविंद चौधरी ने जयप्रकाश नारायण और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की छत्रछाया में राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। छात्र राजनीति के दौर से ही उन पर समाजवाद का गहरा प्रभाव पड़ा। बाद में उन्होंने मुलायम सिंह यादव के साथ लंबे समय तक समाजवाद को आगे बढ़ाने का काम किया।
रिजवी ने कहा कि मंत्री के रूप में रामगोविंद चौधरी ने बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली और व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयास किए। उनकी कर्मठता और ईमानदारी ने उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंचाया। सदन में वे जनहित के मुद्दों को इतनी सरलता और प्रभावी ढंग से रखते थे कि सरकार को भी उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि रामगोविंद चौधरी आजीवन समाजवाद की विचारधारा को आगे बढ़ाते रहे। उनके निधन से समाजवाद को बड़ी क्षति हुई है। रिजवी ने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी स्मृतियां सदैव लोगों को प्रेरणा देती रहेंगी। उन्होंने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
#रामगोविंदचौधरी #मोहम्मदजियाउद्दीनरिजवी #सिकन्दरपुर #बलिया #समाजवाद #श्रद्धांजलि #समाजवादीपार्टी #बलिया_न्यूज़