देवास। फेसबुक पर पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिटायर्ड LIC कर्मचारी से करीब 6 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब 1,500 किलोमीटर दूर बिहार के कटिहार जिले से 21 वर्षीय आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी की रकम में से 5 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सितंबर माह में पीड़ित को फेसबुक पर पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर एक लिंक भेजी गई थी। लिंक पर प्रक्रिया पूरी करते समय उन्होंने अपने डेबिट कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी, जिसके बाद उनके खाते से करीब 6 लाख रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। ₹25 हजार से अधिक की साइबर ठगी के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस की E-Zero FIR प्रणाली के तहत ई-जीरो एफआईआर दर्ज हुई, जिसके बाद मामला देवास के कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस ने जांच शुरू की।
NCRB पोर्टल से प्राप्त तकनीकी जानकारी और बैंक खातों से जुड़े सुरागों के आधार पर पुलिस ने केरल, पश्चिम बंगाल और बिहार तक जांच की। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम केरल के एक बैंक खाते में पहुंची थी, जबकि निकासी पश्चिम बंगाल से की गई थी। जांच के बाद बिहार के कटिहार जिले के निवासी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के कथित तौर पर एक संगठित साइबर ठगी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में अलग टीम रवाना की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है और शेष राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लिंक पर बैंक या डेबिट कार्ड की जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews