#बलरामपुर: शांति व्यवस्था के लिए पुलिस का फ्लैग मार्च, बाजारों में पैदल गश्त कर संदिग्धों की जांच...
#बलरामपुर। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाने, असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों से अवैध एवं अनावश्यक अतिक्रमण हटवाया गया, जिससे जाम की स्थिति समाप्त हुई और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिली।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से भी मुलाकात कर अपील की कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बलरामपुर पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा आमजन से सहयोग की अपेक्षा की है।
#balrampur #balrampurpolic #spbalrampur