तमंचों के बल पर तीन युवकों पर हमला, बाइक, मोबाइल व नकदी लूटने का आरोप
सरायअकिल, संवाददाता। थाना क्षेत्र के सरैया पुलिया के पास शनिवार शाम करीब 6:05 बजे तीन युवकों पर घात लगाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आठ लोगों पर तमंचों के बल पर मारपीट कर स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन और करीब तीन हजार रुपये नकद लूटने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
खानपुर पठन पुरवा निवासी मोबिन पुत्र वकील खां ने बताया कि वह अपने चचेरे भाइयों अज्जू खां और इरशाद खां के साथ बाइक से किसी काम से सरायअकिल जा रहे थे। आरोप है कि न्यू शिखर पॉली क्लिनिक के पास सरैया पुलिया के निकट चार बाइकों से आए करीब आठ लोग पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्हें देखते ही हमलावरों ने हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि चार हमलावर तमंचों से लैस थे और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट के बाद उनकी स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल और करीब तीन हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के पिता वकील खां ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले नहर पर नहाने के दौरान गांव के कुछ लोगों से धक्का-मुक्की और विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत उसी दिन थाने में की गई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश में अनवर खां के पुत्र मकसूद और महमूद समेत अन्य लोगों ने घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। @cmoffice_up @uppolice @kaushambipolice @yogiadityanath.01fans_page @socialist_akhileshyadav