पीलीबंगा में एसपी का औचक निरीक्षण: जिले भर में 'ए' श्रेणी की नाकाबंदी से मचा हड़कंप
#Lalbahadurbhakhar L.b. Bhakhar
पीलीबंगा/हनुमानगढ़ :- #लालबहादुर_भाखर
अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हनुमानगढ़ जिला पुलिस शनिवार को पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार जिले भर में शाम 8:00 बजे से 10:00 बजे तक विशेष 'ए' श्रेणी (A-Category) की नाकाबंदी करवाई गई। इस दौरान स्वयं एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने पीलीबंगा पहुंचकर नाकाबंदी का औचक निरीक्षण किया, जिससे पुलिस महकमे सहित असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
एसपी के आदेश पर पीलीबंगा सहित जिले के सभी वृत्ताधिकारी (CO) और थानाधिकारी (SHO) अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी स्थलों पर ग्राउंड जीरो पर तैनात रहे। पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा क्षेत्र के मुख्य चौराहों, अंतर-राज्यीय व अंतर-जिला सीमाओं और संवेदनशील मार्गों पर नाके लगाकर कड़ी चेकिंग की गई।
नाकाबंदी की प्रभावशीलता को परखने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीना स्वयं फील्ड में उतरे। उन्होंने पीलीबंगा क्षेत्र में औचक निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया। मौके पर मौजूद स्टाफ को सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए एसपी ने स्पष्ट किया कि चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जाए।
इस दो घंटे की सघन नाकाबंदी के दौरान पीलीबंगा और आसपास के इलाकों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए गए।
इस दौरान संदिग्ध वाहनों, बिना नंबर की गाड़ियों, काली फिल्म लगी कारों और दुपहिया वाहनों की गहनता से तलाशी ली गई।
मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों और नकदी की हेराफेरी को रोकने के लिए वाहनों के डैशबोर्ड और डिग्गी को बारीकी से खंगाला गया। 'वाहन ऐप' के जरिए संदिग्ध वाहनों के चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबरों को मौके पर ही वेरीफाई किया गया।यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान काट नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि हनुमानगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास बनाए रखने के लिए इस प्रकार की औचक नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
पत्रकार लालबहादुर भाखर संवाददाता
9875131305
7014718676☎️☎️📞📞✅✅
Pilibanga, Hanumangarh | Jun 27, 2026