रेवाड़ी में 7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा, कैबिनेट मंत्री राजेश नागर होंगे मुख्य अतिथि- वंदना पोपली जिलाध्यक्ष
रेवाड़ी। भारतीय जनता पार्टी जिला रेवाड़ी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 7 अक्टूबर को जिले में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इस वृहद कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक दायित्व की शपथ ली थी और तब से निरंतर उनका प्रत्येक क्षण जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है।
डॉ. वंदना पोपली ने बताया कि जिला रेवाड़ी में चल रहा सेवा संकल्प अभियान प्रदेश भर में अपनी अनूठी मिसाल कायम कर रहा है। सेवा कार्यों, स्वास्थ्य शिविरों, रक्तदान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में रेवाड़ी जिला पूरे प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता में अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह है और जमीनी स्तर पर संगठन के सभी साथी पूरी निष्ठा के साथ आमजन की सेवा में समर्पित भाव से जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक यात्रा की सफलता के लिए पिछले दो दिनों से जिला भाजपा कार्यालय में बैठकों का दौर लगातार जारी था। यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां संगठन स्तर पर पूरी कर ली गई हैं। यह पूरा कार्यक्रम जिला प्रभारी प्रोफेसर मदन गोयल के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न होगा। यात्रा के मुख्य संयोजक जिले की तीनों विधानसभाओं के विधायक लक्ष्मण यादव, डॉ. कृष्ण कुमार तथा अनिल यादव रहेंगे। इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए जिलाध्यक्ष ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे जिले भर के विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों से भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आम नागरिक बाल भवन परिसर में एकत्रित होंगे। यहाँ उपस्थित सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लाइव संबोधन सुनेंगे। संबोधन के उपरांत बाल भवन से सेवा ज्योति यात्रा आरंभ होकर महाराणा प्रताप चौक पहुंचेगी। यह आयोजन पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा के संचार के साथ-साथ सेवा भाव को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
Rewari, Rewari | Oct 6, 2026