*मत्स्य पालन को आधुनिक तकनीक से जोड़कर किसानों की आय एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर*
*झल्लू बाबू सभागार में एक दिवसीय मत्स्य कृषक जागरूकता-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित*
मधेपुरा। दिनांक 19 सितंबर 2026 को झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में एक दिवसीय मत्स्य कृषक जागरूकता-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के मत्स्य कृषकों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों, विभागीय योजनाओं, अनुदान एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें वैज्ञानिक एवं लाभकारी मत्स्य पालन के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन, भा०प्र०से० ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (NFDB), क्षेत्रीय कार्यालय, पटना, बिहार तथा मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से जिला मत्स्य कार्यालय, मधेपुरा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने मत्स्य कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कृषकों से पारंपरिक मत्स्य पालन के साथ-साथ आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाते हुए मत्स्य पालन को स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने तालाब निर्माण, बायोफ्लॉक तकनीक, आरएएस (Recirculatory Aquaculture System), मत्स्य बीज उत्पादन तथा विभिन्न अनुदान आधारित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्र कृषकों को नियमानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से सीमित संसाधनों में भी मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता को बढ़ाया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों एवं विभागीय पदाधिकारियों द्वारा मत्स्य कृषकों को उन्नत मत्स्य पालन तकनीक, तालाब प्रबंधन, मत्स्य बीज उत्पादन, बायोफ्लॉक एवं आरएएस तकनीक, विभागीय योजनाओं की पात्रता, अनुदान की प्रक्रिया तथा मत्स्य पालन में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कृषकों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में श्री संजय कुमार किस्कु, उप मत्स्य निदेशक, कोसी प्रमंडल, सहरसा, श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव, व्याख्याता, मत्स्य प्रशिक्षण-सह-प्रसार केन्द्र, मीठापुर, श्री एल्बिन अल्बर्ट सी एवं सुश्री आर्या प्रिया, सहायक कार्यपालक अधिकारी (तकनीकी), NFDB-RC, पटना सहित जिला मत्स्य कार्यालय के पदाधिकारी/कर्मी एवं जिले के बड़ी संख्या में मत्स्य कृषक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कृषकों को वैज्ञानिक मत्स्य पालन अपनाने, उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा मत्स्य क्षेत्र को आय एवं आजीविका के सशक्त साधन के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
42 views | Madhepura, Bihar | Sep 20, 2026