समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
**प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक : 19 सितंबर 2026
*प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश*
*जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने सोलर अधिष्ठापन की साप्ताहिक समीक्षा एवं क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित करने का दिया निर्देश*
*25 सितंबर तक सोलर सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा*
मधेपुरा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्युत संबंधी योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के उद्देश्य से शनिवार, 19 सितंबर 2026 को समाहरणालय, मधेपुरा के सभागार में जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, भा०प्र०से० की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, सोलर अधिष्ठापन, सामग्री की उपलब्धता, बैंक ऋण आवेदनों तथा क्षेत्रवार कार्य निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने ओसवाल कंपनी को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित सभी आवश्यक सोलर सामग्री 25 सितंबर 2026 तक मधेपुरा स्थित स्टोर में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिष्ठापन कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं के घरों में लगाए जा रहे सोलर सिस्टम की साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन विद्युत कार्यपालक अभियंता, मधेपुरा एवं उदाकिशुनगंज के माध्यम से नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में कम-से-कम पाँच-पाँच उपभोक्ताओं के यहाँ नगद भुगतान के माध्यम से सोलर अधिष्ठापन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी पाया गया कि कुछ क्षेत्रों में योजना के तहत सोलर अधिष्ठापन की प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है। इस पर जिलाधिकारी ने सिंगल डिजिट में अधिष्ठापन वाले क्षेत्रों के कनीय विद्युत अभियंताओं को 50-50 उपभोक्ताओं के यहाँ सोलर अधिष्ठापन सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
*बैंक ऋण आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर*
जिलाधिकारी ने विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि विभिन्न बैंकों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों की सूची उपलब्ध कराते हुए उनके निष्पादन हेतु आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करें।
बैठक में भू-अर्जन पदाधिकारी , विद्युत कार्यपालक अभियंता, मधेपुरा श्री अरविंद कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता, उदाकिशुनगंज श्री राजीव रंजन सहित सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता एवं जिला सूचना प्रौद्योगिकी पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
48 views | Madhepura, Bihar | Sep 20, 2026