बेनीगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद, लगातार वारदातों से पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल
.
#हरदोई: कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से पुलिस की गश्त और सतर्कता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। चोर एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। हालात यह हैं कि कभी विद्यालय तो कभी सार्वजनिक स्थानों पर चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आ रही हैं।
बीते बृहस्पतिवार की रात अलीपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने विद्यालय के कई कमरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से एक गैस सिलेंडर तथा कुछ किलो गेहूं चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार थाना क्षेत्र के रयपालपुर गांव निवासी एक व्यक्ति पर चोरी की घटना में शामिल होने का संदेह जताया गया है। बताया जा रहा है कि उसके रिश्ते में मामा, जो सिकंदरपुर निवासी हैं और जिनका नाम फिलहाल सामने नहीं आया है, को पुलिस ने पूछताछ के लिए अपने कब्जे में लिया है। हालांकि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य संदिग्ध तक पुलिस अभी नहीं पहुंच सकी है।
यह क्षेत्र में चोरी की पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पूर्व बेनीगंज बस स्टॉप स्थित संविलियन विद्यालय में भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इससे पहले बेनीगंज नगर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके को भी चोर निशाना बना चुके हैं। इन घटनाओं का खुलासा अब तक नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में चर्चा है।
इसी बीच 28 अगस्त 2026 की देर रात करीब 3:18 बजे प्रताप नगर चौराहे पर एक और चोरी का प्रयास सामने आया। अज्ञात चोरों ने विटारा ब्रेजा कार संख्या UP31 BC 5685 को चोरी करने का प्रयास किया। चोरों ने वाहन के कई लॉक और सुरक्षा उपकरण तोड़ दिए, लेकिन किन्हीं कारणों से कार लेकर भागने में सफल नहीं हो सके।
वाहन स्वामी अनमोल त्रिपाठी, निवासी प्रताप नगर चौराहा, ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
लगातार हो रही चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था प्रभावी है तो चोर बार-बार वारदातों को अंजाम देने में कैसे सफल हो रहे हैं? वहीं, पूर्व की घटनाओं का खुलासा लंबित रहने से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना यह है कि पुलिस इन घटनाओं में शामिल आरोपियों तक कब पहुंचती है और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश कब लगता है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 28, 2026