शामली में हरियाणवी सिंगर की 5 गोलियां मारकर हत्या:जिम से निकलते वक्त सिर-पेट पर मारी गोली; मां गोद में लाश लेकर सड़क पर बैठी
यूपी के शामली में बुधवार शाम 32 साल के यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर 18 राउंड फायरिंग की। सिर, पेट में 5 गोली लगने से वह गिर गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात शाम करीब 7 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 4 हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे। घटना से गुस्साए लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम कर दिया है। मां अंकित की लाश गोद में लेकर सड़क पर बैठ गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान की कोशिश कर रही है।
बताया जा रहा है कि अंकित जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे। उनकी हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वे फेमस भले हरियाणवी गानों के लिए हुए, लेकिन उनका जन्म शामली में ही हुआ था।
अंकित ने हत्या से ठीक एक घंटे पहले यानी 6 बजे अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया था। जिसमें वह गाड़ी में बैठकर 'मर्डर मार दे सड़क के ऊपर' गाना गाते हुए नजर आए।
अंकित अक्सर गन कल्चर को लेकर गाने बनाते थे। उनका 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाना 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था। इस गाने पर बैन लगा दिया गया था। इसके बाद वह हरियाणवी संगीत की दुनिया में चर्चित हुए। वर्ष 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी।
घटना विस्तार से पढ़िए…
अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह हरियाणा के सोनीपत में रहते थे। हालांकि, पिछले कई महीनों से वह परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। उनके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं, जबकि मां का नाम अमरेश है। अंकित दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम विक्की है। अंकित की शादी हो चुकी थी, लेकिन अभी उनकी कोई संतान नहीं थी।
बुधवार शाम वह रोज की तरह शहर कोतवाली के आर्यपुरी नाला पटरी में जिम करने गए थे। करीब 7 बजे अंकित जैसे ही जिम से बाहर निकले, उन पर हमलावारों ने करीब 18 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग से आस-पास भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- हमलावरों ने स्कॉर्पियो का गेट खोलकर अंकित को मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, हमलावर पहले से जिम के बाहर थे। वे अंकित बालियान के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही अंकित जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने लगे, तभी बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अंकित ने बचने की कोशिश की। लेकिन ड्राइविंग सीट की तरफ दीवार थी। इसलिए अंकित ने स्कॉर्पियो की को-ड्राइविंग सीट की तरफ से अंदर जाने का प्रयास किया।
हमलावरों ने जबरन स्कॉर्पियो का गेट खोला और अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। तीन गोलियां गाड़ी के अगले शीशे में और 5 अंकित के शरीर में जा लगीं। वारदात के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए थे।
परिजनों ने सड़क जाम किया, अंकित के गांव से लोग पहुंचे
परिजनों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर वर्मा मार्केट तिराहे के पास सड़क जाम कर दिया है। यह जगह जिम से करीब 50 मीटर दूर है, जहां अंकित की हत्या की गई थी। अंकित के गांव से बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर मौके पर पहुंच रहे हैं।
लोग शामली के पूरे पुलिस प्रशासन को निलंबित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई हो।
मौके पर एसपी समेत भारी पुलिस बल मौजूद है। पुलिस अधिकारियों की ओर से आक्रोशित भीड़ को समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर 4 थानों की फोर्स तैनात
पुलिस ने वर्मा मार्केट तिराहे से करीब 50 मीटर पहले बैरियर लगा दिया है। मौके पर 4 थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस टीम आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। वाहनों की भी जांच की जा रही है।
हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए हरियाणा के पानीपत और पंजाब समेत अन्य संभावित ठिकानों पर टीमें भेज दी हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश देकर हमलावरों की तलाश कर रही हैं।
अंकित की मां बिलखते हुए बोलीं- मेरा बेटा सो रहा है
अंकित की मां अमरेश बेटे का सिर गोद में रखकर सड़क पर बैठी हैं। बिलखते हुए कह रही थीं- “बोलो मत, मेरा बेटा सो रहा है।” छोटे भाई विक्की ने कहा, शामली में हर जगह चेकिंग होने के बावजूद बदमाश आए और 18 गोलियां मारकर आसानी से फरार हो गए।
पिता सतबीर ने कहा, “एसपी शामली कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। अब आप लोग ही देख लो कि क्या करना है।” परिवार ने पुलिस से किसी भी तरह की बातचीत करने से इनकार कर दिया है।
पुलिस को शक- हमलावर हरियाणा के रहने वाले
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि घटना में शामिल हमलावर हरियाणा के हो सकते हैं।
एसपी एनपी सिंह ने बताया, अंकित बालियान की हत्या की वजहों के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। टीमें सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। जल्द ही खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
शामली रोड शो को लेकर अंकित पर FIR हुई थी FIR
अंकित बालियान पर शामली में FIR भी दर्ज हुई थी। दरअसल, 27 जुलाई 2023 को उत्तर प्रदेश के शामली में लिलौन बाईपास पर अंकित बालियान का स्वागत समारोह हुआ था। यहां से गाड़ियों और बाइकों पर काफिले के साथ जुलूस निकाला गया। इसमें प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इस रोड शो में कुछ समर्थकों ने हुड़दंगबाजी की थी, जिसके बाद नियमों का उल्लंघन करने के मामले में अंकित बालियान समेत 40 से ज्यादा समर्थकों पर FIR दर्ज हुई थी।
Baghpat, Bagpat | Aug 26, 2026